नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट बैठक खत्‍म, पोर्टिको में भावुक हुए Nitish, कैबिनेट भंग करने की सिफारिश, 3 बजे इस्तीफा दे सकते हैं सीएम

बीते 20 साल से मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं.

नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट बैठक खत्‍म, पोर्टिको में भावुक हुए Nitish,  कैबिनेट भंग करने की सिफारिश, 3 बजे इस्तीफा दे सकते हैं सीएम
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. बीते 20 साल से मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. वे अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं. इससे पहले उन्होंने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक बुलाई. बैठक में सभी मंत्रियों ने नीतीश को धन्यवाद सौंपा. बैठक के बाद सीएम नीतीश कुमार सचिवालय में नीचे उतरे. यहां उन्‍होंने अपने सहयोगियों के साथ बातचीत की. सचिवालय से निकलने से पहले वो पोर्टिको में भी अपने करीबियों से मुलाकात और बातचीत करते नजर आए. माना जा रहा है ये मुलाकात काफी भावुक करने वाली रही है. कैबिनेट को भंग करने की सिफारिश की गई है. इसकी सूचना वो दोपहर 3.15 में राज्यपाल से मिलकर देंगे.

15 अप्रैल को बिहार में होगी नई सरकार

कैबिनेट से निकल कर सीएम नीतीश कुमार सीधे अपने आवास एक अणे मार्ग जाएंगे. जहां ये तय होगा कि बिहार का अगला मुख्‍यमंत्री कौन होगा? हालांकि इस बात के स्‍पष्‍ट संकेत मिल रहे हैं कि सम्राट चौधरी ही बिहार के अगले सीएम हो सकते हैं. मगर बीजपी के चौंकाने वाले इतिहास और रवैये को देखते हुए इस बैठक के बाद यह साफ हो जाएगा कि बिहार में नई सरकार किसकी होगी.

दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. इसके साथ ही मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा. नीतीश कुमार ने 20 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, और 14 अप्रैल को इस्तीफे के साथ उनका यह कार्यकाल 145 दिनों का रहेगा. यह उनका दूसरा सबसे छोटा कार्यकाल माना जा रहा है.

NDA की बैठक में तय होगा नया मुख्यमंत्री

इस्तीफे के बाद शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी. इसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी. इस बैठक में बीजेपी की ओर से पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहेंगे, जिनकी निगरानी में मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लिया जाएगा.